मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा सांसदों और विधायकों से जमीनी फीडबैक लेने के बाद शनिवार को सरकार के मंत्रियों और शासन के अधिकारियों की बैठक लेंगे। प्रदेश भर से आई समस्याओं, शिकायतों और सुझावों पर मंथन के बाद योगी जमीनी स्थिति में सुधार के लिए महत्वपूर्ण दिशानिर्देश दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने बीते दिनों सभी 18 मंडलों के भाजपा सांसदों और विधायकों से संवाद किया है। सांसद और विधायकों ने मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत से वाकिफ कराते हुए क्षेत्र की समस्याएं बताईं, शिकायतें रखीं और सुझाव भी दिए हैं। लोकसभा चुनाव में मिशन 80 की जमीन तैयार करने में जुटे सीएम ने जनप्रतिनिधियों से मिले फीडबैक के आधार पर आगे की कार्यवाही की योजना बनाई है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में सीएम शिकायतों के निस्तारण, समस्याओं के समाधान और उपयोगी सुझावों को लागू करने की बात करेंगे। मंडलवार बैठकों में जनप्रतिनिधियों के सबसे ज्यादा निशाने पर रहे विभागों के अधिकारियों और मंत्रियों को जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है।
मोटे अनाज का भोज आज
मुख्यमंत्री आवास पर शनिवार शाम प्रदेश सरकार के मंत्रियों के लिए रात्रि भोज रखा गया है। रात्रि भोज में मोटे अनाज से बने व्यंजन परोसे जाएंगे।