शहर की टीले वाली मस्जिद में अलविदा एवं ईद की नमाज सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी।
परिसर में खाद्य वस्तुओं की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नमाजियों के वाहन मस्जिद के आसपास मार्गों पर खड़े करने की विशेष व्यवस्था होगी।
टीले वाली मस्जिद में वारिस हसन शाह मेमोरियल सोसाइटी के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को आयोजित तैयारी बैठक में डीएम अनुराग यादव ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि अलविदा एवं ईद की नमाज के दौरान टीले वाली मस्जिद परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
बैठक में मौलाना सैयद शाह फजलुर्रहमान वायजी नदवी ने कहा कि रमजान के अंतिम शुक्रवार (2 अगस्त) को अलविदा की नमाज पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच डेढ़ बजे दोपहर अदा की जाएगी।
उन्होंने नमाजियों को अपने घर से वुजू करके आने के साथ बिछाने के लिए साफ व पाक कपड़ा लेकर आने की सलाह दी है।
इस वर्ष भी खाने-पीने की चीजें मस्जिद परिसर में नही बेंची जा सकेंगी। बैठक में नमाजियों के वाहनों की पार्किंग पर भी चर्चा हुई।
उनकी सुविधा के लिए डालीगंज से आने वाली कार और स्कूटर पार्किंग दरिया वाली मस्जिद से पहले गौतमबुद्ध पार्क के सामने मेडिकल कॉलेज हॉस्टल और कन्वेंशन सेंटर के बीच मैदान में होगी।
सीतापुर रोड, खदरा से आने वाले नमाजी अब खदरा पक्का पुल से पहले दाहिनी तरफ बंधे पर अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। हुसैनाबाद से आने वाले नमाजी अपने वाहन नींबू पार्क के पास खड़े करेंगे।