प्रयागराज, झांसी और मेरठ के मेडिकल कॉलेजों में मरीजों को जल्द एसजीपीजीआई की तरह सुपर स्पेशियलिटी इलाज की सुविधा मिलेगी। इन मेडिकल कॉलेजों में प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत नए विभागों की शुरुआत की जाएगी। यह जानकारी चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने बृहस्पतिवार को लोकभवन के मीडिया सेंटर में ‘चिकित्सा शिक्षा-द्वितीय वर्ष एक दृष्टि में’ पुस्तक के विमोचन के अवसर पर दी।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने बताया कि पीएमएसएसवाई योजना के तहत प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में आठ-आठ विभाग शुरू किए जा रहे हैं। इनमें कुल 200 बेड हैं, जिसमें 20 जनरल बेड व 40 बेड के आईसीयू की व्यवस्था होगी। पुराने मेडिकल कॉलेजों गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, झांसी, मेरठ, आगरा, हृदय रोग व जेके कैंसर संस्थान में ई-हॉस्टिल का दूसरा चरण जल्द शुरू होगा। नौ राजकीय मेडिकल कॉलेजों को 2020-21 के सत्र में शुरू करने पर कार्य चल रहा है।