प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने शनिवार को जिला एवं महानगर अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। चिनहट के पूर्व ब्लाक प्रमुख रंजीत यादव लखनऊ जिलाध्यक्ष पद पर बरकरार हैं तो शऊद खान को महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रसपा के युवा नेता शऊद खान पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव के खास माने जाते हैं। इससे पहले उन्हें युवा इकाई में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी लेकिन नगर निगम चुनाव को देखते हुए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आदित्य यादव अंकुर ने उन्हें महानगर इकाई का अध्यक्ष बनाया है।
जल्द से जल्द कार्यकारिणी घोषित करने का निर्देश दिया है। इसी तरह गोंडा का जिलाध्यक्ष सुरेश शुक्ला, बलरामपुर का अयाज मुस्तफा खां, बहराइच का मोहम्मद वसीम, श्रावस्ती का रामकृपाल यादव, सुल्तानपुर का हंसराज यादव, बाराबंकी का सूरज यादव, अमेठीक का विजय यादव, रायबरेली का आफताब अहमद खां, सीतापुर का जिलाध्यक्ष अशोक यादव को बनाया गया है।
इन जिलों में महासचिव की भी घोषणा कर दी गई है। इसी तरह अन्य जिलों में भी जिलाध्यक्ष, जिला महासचिव, महानगर अध्यक्ष की घोषणा की गई है। प्रदेश के करीब 70 जिलों में जिलाध्यक्ष व महासचिव घोषति करते हुए सभी को सप्ताहभर में कार्यकारिणी घोषित करने का निर्देश दिया गया है।
रामबाबू को व्यापार सभा की जिम्मेदारी
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) व्यापार सभा की जिम्मेदारी फिर से रामबाबू रस्तोगी को सौंपी गई है। वह इससे पहले भी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें नए सिरे से क्रियाशील लोगों को कार्यकारिणी से जोड़ने का निर्देश दिया है।