निगोहां। विकासखंड मोहनलालगंज की अकबरपुर बेनीगंज ग्राम पंचायत से नवनिर्वाचित प्रधान ने अपनी जीवनसाथी के संग सात फेरे लेने से पहले गांव के विकास की शपथ ली। शपथ के बाद नवनिर्वाचित प्रधान ने सजी धजी गाड़ी से जाकर विवाह की रस्में अदा कीं। इस बात की क्षेत्र में दिनभर चर्चा रही।
निगोहां क्षेत्र के अबकरपुर बेनीगंज ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान निशांत शुभम (27) की शादी 25 मई को होने के लिए पहले से ही तय थीऔर शासन द्वारा इसी दिन को शपथ ग्रहण के लिए भी निर्धारित किया गया। इसे देखते हुए दूल्हे के वेश में पहले तो नवनिर्वाचित प्रधान ने अपने गांव के विकास के लिए वर्चुअल माध्यम से शपथ ग्रहण में हिस्सा लिया और फिर लखनऊ के ठाकुरगंज जाकर विवाह की रस्में निभाईं। इससे पूर्व बीते कार्यकाल में निशांत शुभम की मां पूनमलता पंचायत की प्रधान थीं। वहीं मोहनलालगंज के सबसे युवा प्रधान अभयकान्त दीक्षित ने भी पंचायत भवन में अपने सदस्यों के साथ शपथ ग्रहण की और गांव के सम्पूर्ण विकास का वादा किया।
-----------------
बेटे ने पंच, मां ने सरपंच की ली शपथ
क्रासर- पहले शिक्षा का उजियारा फैलाया, अब विकास का उजियारा फैलाएंगी
निगोहां। पहले शिक्षक बनकर उर्मिला देवी ने शिक्षा का उजियारा फैलाया, अब गांव की सरपंच बनकर गांव में विकास का उजियारा फैलाने की शपथ मंगलवार को गांव के पंचायत भवन में ली। इस दौरान बेटे ने भी साथ में पंच की शपथ लेकर गांव के विकास का वादा किया। विकासखंड मोहनलालगंज की अघइया पंचायत की नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान उर्मिला देवी प्रधानाध्यापक पद से 2016 में रिटायर हुई थीं। इस बार जब गांव की महिला सीट हुई तो गांव में विकास का उजियारा फैलाने के लिए प्रधान पद के लिए दावा ठोक दिया। मतदाताओं ने पूर्व शिक्षक को पहली बार में ही गांव के सरपंच के लिए चुन भी लिया। वहीं उनके बेटे प्रदीप, मां के साथ पंच बनकर कंधे से कंधा मिलाकर गांव में विकास के लिए बुधवार को शपथ ली। प्रधान उर्मिला देवी ने कहा कि अभी फिलहाल हम सब को मिलकर अपने गांव और देश को महामारी से बचाना है और सरकार द्वारा बनाई गयी कोविड गाइडलाइन के साथ ही काम करना है। शपथ ग्रहण के दौरान सचिव बालकिशोर मौर्य और पुलिस बल मौजूद रहा।