सूबे में प्रधानी के चुनाव का बिगुल बज गया। राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार को ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। चुनाव चार चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 28 नवंबर को होगा।
एक दिसंबर को दूसरे, पांच दिसंबर को तीसरे और नौ दिसंबर को चौथे चरण का मतदान होगा। 12 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी। सूबे के 74 जिलों के 11.42 करोड़ मतदाता गांव की सरकार चुनेंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने बताया कि इस चुनाव में वोट सुबह सात बजे से शाम साढ़े चार बजे तक पड़ेंगे। सर्दी के दिनों में सूर्यास्त जल्दी होता है, इसलिए मतदान का समय शाम पांच बजे के बजाय साढ़े चार बजे तक ही रखा गया है।
मिर्जापुर, सोनभद्र व चंदौली जिलों में मतदान सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक ही होगा। अति संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों में पूरे समय वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
गोंडा की 10 ग्राम पंचायतों में चुनाव नहीं
गोंडा की 10 ग्राम पंचायतें भी ऐसी हैं, जिनका कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ है। इस कारण वहां चुनाव नहीं कराया जा रहा है। इस बार स्ट्रांग रूम व मतगणना की भी पूरे समय वीडियोग्राफी कराई जाएगी। स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
यदि कोई प्रत्याशी या उसका समर्थक स्ट्रांग रूम पर नजर रखना चाहता है, तो उसे डीएम को प्रार्थनापत्र देना होगा। आयोग उसका भी इंतजाम कर देगा। मतगणना की पूरी सूचना आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध होगी।
पंचायत चुनाव एक नजर
जिले-74
विकास खंड -817
ग्राम पंचायत -58,909
ग्राम पंचायत वार्ड -7,42,273
मतदान केंद्र -78,739
मतदान स्थल -1,78,683
कुल मतदाता -11.42 करोड़
पुरुष मतदाता-6,08,92,168
महिला मतदाता-5,33,17,849
35 वर्ष से कम के मतदाता-51.5 प्रतिशत
ये होगा चुनाव कार्यक्रम
चक्र--नामांकन--पर्चे की जांच--नाम वापसी/प्रतीक आवंटन--मतदान
प्रथम चरण--16-17 नवंब--18-19 नवंबर--20 नवंबर--28 नवंबर
द्वितीय चरण--19-20 नवंबर--21-22 नवंबर--23 नवंबर--01 दिसंबर
तृतीय चरण--21 व 23 नवंबर--24 व 26 नवंबर--27 नवंबर--05 दिसंबर
चतुर्थ चरण--27-28 नवंबर--29-30 नवंबर--01 दिसंबर--09 दिसंबर
चुनाव में पुलिस बल
जिला पुलिस-81, 068
गैरजिला पुलिस-4676
प्रशिक्षण केंद्रों से पुलिस बल-36,741
होमगार्ड-93,000
पीआरडी जवान-12963
ग्रामीण चौकीदार-105289
पीएसी बल-139 कंपनी