लखनऊ। एलडीए की सीतापुर रोड स्थित प्रबंध नगर आवासीय योजना को एलडीए बोर्ड ने मंजूरी दे दी। हाईकोर्ट से स्थगन आदेश खारिज होते ही करीब 20 साल से अटकी योजना को लॉन्च किया जाएगा। करीब 840 हेक्टेयर में प्रस्तावित योजना के मूर्त रूप लेने से करीब दो लाख आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी।
एलडीए सचिव सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि योजना के खिलाफ न्यायालय भूमि अर्जन और पुनर्व्यवस्थापन प्राधिकरण (लारा कोर्ट) और हाईकोर्ट में कुल 56 किसानों ने मुकदमा किया था। इनमें से 44 ने लारा कोर्ट में बढ़ा मुआवजा देने की मांग की। लारा कोर्ट ने विवाद का निपटारा करते हुए मुआवजा तय कर दिया था। इसमें यहां पर प्रति बीघा 1,10,70,000 रुपये मुआवजा किसानों को मिलेगा। पहले यह 2.57 लाख रुपये प्रति बीघा था। किसानों को बढ़ा मुआवजा देने और योजना को शुरू करने के प्रस्ताव को बोर्ड ने सैद्धांतिक सहमति दी है।
अब हाईकोर्ट में योजना से संबंधित महज 12 केस बचे हैं। इनका भी निस्तारण हो जाएगा क्योंकि योजना को कोर्ट में महायोजना 2016 के तहत चुनौती दी गई है, जिसमें ग्रीन बेल्ट पर योजना न लाने को कहा गया। एलडीए ग्रीन बेल्ट पर काम नहीं करेगा तो भी योजना चल जाएगी। हाईकोर्ट का स्थगन आदेश है। ऐसे में हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही योजना को लॉन्च किया जाएगा।
बोर्ड ने ये प्रस्ताव भी किए पास
- अब एलडीए बोर्ड ही 6000 वर्ग मीटर तक जमीन का भू उपयोग बदल सकेगा, अभी तक यह अधिकार शासन को था।
- वेलनेस सिटी योजना में बंधा बनाया जा रहा है। इस कारण इस इलाके की कई इंटीग्रेटेड टाउनशिप के विकास कार्यों पर असर आएगा। इसके चलते इन टाउनशिप को विकास के लिए तीन से पांच साल तक का अतिरिक्त समय दिया गया है।
- नैमिष और वरुण नगर योजना में की जमीन का भू उपयोग कृषि से आवासीय करने का प्रस्ताव पास हो गया है।
- नैमिष और वरुण नगर आवासीय योजना के विकास कार्य और जमीन खरीद के लिए 1000 करोड़ रुपये का कर्ज बैंक ऑफ इंडिया से लेने का प्रस्ताव भी पास किया गया है। हालांकियह कर्ज जरूरत पड़ने ही पर ही लिया जाएगा।
- नेहरू एन्क्लेव की जमीन पर वार म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव भी बोर्ड ने पास किया है। अब सेना, शासन और एलडीए की संयुक्त समिति इसके बजट और निर्माण के तरीकों पर मंथन करेगी।
- सीतापुर रोड स्थित प्रियदर्शिनी कॉलोनी के सेक्टर सी में नया फायर स्टेशन बनाने के लिए 2600 वर्ग मीटर जमीन निशुल्क दी जाएगी। यह जमीन पार्किंग के लिए आरक्षित 5200 वर्ग मीटर वाले भूखंड से दी जाएगी।
पूर्व में परिचालन से पास इन प्रस्तावों को भी बोर्ड ने लगाई मुहर
- सीजी सिटी और वेलनेस सिटी जमीन का भू उपयोग कृषि से आवासीय करना
- गोमती नगर विस्तार सेक्टर छह में साप्ताहिक बाजार के लिए तलपट मानचित्र में संशोधन को मंजूरी
- लैंड पूलिंग योजना की एसओपी को मंजूरी
- वरुण विहार योजना में ग्राम समाज की 319.4698 हेक्टेयर जमीन शामिल करना
- आईटी सिटी योजना में 10 एकड़ या उससे अधिक भूमि देने वालों को 50 प्रतिशत अविकसित भूमि देने की नीति तय करना
- बसंतकुंज योजना के सेक्टर बी में बस अड्डे के लिए जमीन देना
- डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के नवीन परिसर गोमती नगर विस्तार सेक्टर सात में बनने वाली बिल्डिंगों के तलपट मानचित्र में संशोधन
- बटलर पैलेस परिसर में अवैध रूप से रहने वालों को विस्थापित करना
- लैंड पूलिंग की योजनाओं में आने वाले निर्माण का मुआवजा देना
- मेट्रो डिपो के कारण ली गई कृषि विभाग की 20.358 एकड़ भूमि बसंतकुंज सेक्टर बी में दी जाएगी