पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी ने कहा कि मैं चाहती हूं कि जिले में एक ताकतवर व ईमानदार जिला पंचायत अध्यक्ष चुना जाए। यह तभी संभव होगा जब जनता ईमानदार व कर्मठ भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को चुनेगी। दौरे के चौथे दिन रविवार को सांसद ने लंभुआ, भदैंया, पीपीकमैचा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के लिए जनसंपर्क करते हुए लोगों से एक सप्ताह का समय दान में मांगा।
कहा कि एक सप्ताह का समय दान देने पर पांच साल लोग विकास व खुशहाली पाएंगे। भाजपा समर्थित प्रत्याशी ईमानदार व ताकतवर जिला पंचायत अध्यक्ष चुनेंगे। उन्होंने अपनी तरह पैसा न लेने वाले और न देने वाले व जनता की सेवा करने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जाने की इच्छा जताई। कहा कि कोरोना संक्रमण की वजह से बंद विधायक व सांसद निधि से प्रभावित कार्य जिला पंचायत से तभी संभव हो सकेंगे।
उन्होंने खासकर महिलाओं से एक सप्ताह का समय भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार के लिए मांगा। इसके पहले सांसद ने सुबह जिला अस्पताल पहुंचकर टीकाकरण का शुभांरभ किया। उन्होंने कोरोना की जांच भी करवाई। इस दौरान सांसद ने सीएमओ से कोरोना टीकाकरण व वैक्सीनेशन की जानकारी ली। सांसद ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण कराने की अपील भी की। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष करुणाशंकर द्विवेदी, संदीप सिंह, संजय सिंह सोमवंशी, सुनील सोनी समेत अन्य मौजूद रहे।