नगराम। समेसी उपकेंद्र के बहरौली फीडर की हाईटेंशन लाइन में कौआ चिपकने से 50 गांवों की बिजली गुल हो गई। इससे ग्रामीणों ने चार घंटे तक बिजली संकट झेला। सबमर्सिबल पंप न चल पाने से पानी की भी किल्लत हो गई।
बहरौली फीडर के बड़ेहा, जवाहरसिंह पुरवा, रसूलपुर, समेसी, घोड़सारा, हरदोइया, दोरिया, खरगापुर, रामपुर, मुकुंद खेड़ा, सिरौना, मिहीलाल खेड़ा, अमेठियन का पुरवा, सुबंश खेड़ा, भदुआ, पकरा और मकदूम नगर समेत 50 गांवों की रविवार सुबह 7 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जो सुबह 11 बजे चालू हुई। मुकुंद खेड़ा निवासी मलखान सिंह, बहरौली निवासी इदरीस और हरदोइया निवासी गिरजा शंकर द्विवेदी ने बिजली न आने के कारण जलापूर्ति संकट की परेशानी बताई। उनका कहना था कि बिना बिजली के घरेलू कामकाज प्रभावित हुए।
उधर, समेसी उपकेंद्र के अवर अभियंता आशीष कुमार ने बताया कि 25 किमी लंबी हाईटेंशन लाइन में दो जगह फाॅल्ट मिलने से आपूर्ति बाधित हुई थी। पकरा रसूलपुर के पास लाइन का तार टूटा मिला, जबकि गुमवाखेड़ा के पास लाइन पर कौआ चिपका पाया गया। दोनों फाॅल्ट ठीक कराने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।