मलिहाबाद के हबीबपुर गांव स्थित पंचायत भवन में लगा आधार कैंप।
लखनऊ। विकासखंड मलिहाबाद की ग्राम पंचायत हबीबपुर के पंचायत भवन में लगे आधार कार्ड कैंप में मंगलवार को दूसरे दिन भी बिजली कटौती और धीमे सर्वर की समस्या बनी रही। बार-बार बिजली गुल होने से आधार बनाने और संशोधन का काम प्रभावित हुआ। इस कारण 20 से अधिक लोगों को बिना काम कराए ही मायूस होकर लौटना पड़ा।
कैंप में दिनभर में सिर्फ दो नए आधार कार्ड बनाए जा सके। वहीं, पांच लोगों के आधार कार्ड में संशोधन का काम पूरा हुआ। डाक सहायक अभिषेक गुप्ता ने बताया कि बिजली और सर्वर की समस्या के कारण लोगों को सबसे अधिक परेशानी हुई। उनका कहना है कि जैसे ही कंप्यूटर सिस्टम शुरू किया जाता, बिजली चली जाती थी। इससे सर्वर भी ठीक से काम नहीं करता था। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक करीब 25 से अधिक बार बिजली आपूर्ति बाधित हुई। इससे आधार बनवाने और संशोधन कराने के लिए पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। आशीष, सुमन, कार्तिक, अर्तिका और प्रीति यादव समेत कई लोग काम पूरा न होने के कारण लौट गए। ग्रामीणों ने बिजली निगम के कर्मचारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। राधिका यादव और दीप्ति विश्वकर्मा के नए आधार कार्ड बनाए गए।
ग्रामीणों ने की निर्बाध आपूर्ति की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से आधार कैंप के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि कैंप में आने वाले लोगों को बिना वजह परेशान न होना पड़े और दूर-दराज से आने वालों का काम समय पर पूरा हो सके।