33 केवी लाइन में फाल्ट से 10 घंटे से अधिक गुल रही बिजली
अयोध्या। शहर के कौशलपुरी बिजली उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में बृहस्पतिवार को 25,000 की आबादी को 10 घंटे से अधिक तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। कौशलपुरी के पास 33 केवी मेन लाइन में फाल्ट आने से यह दिक्कत हुई है। इस दौरान गर्मी में उपभोक्ताओं को तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लखनऊ हाईवे से कौशलपुरी को जाने वाले मार्ग पर 33 केवी मेन लाइन की एक केबल में अचानक फाल्ट आ गया। इससे बृहस्पतिवार की दोपहर लगभग 12:30 बजे उपकेंद्र से जुड़े कौशलपुरी फेज-एक व दो, जेबी पुरम कॉलोनी, दत्ता का पुरवा, गौतमबुद्ध नगर समेत अन्य इलाकों में बिजली गुल हो गई। लंबे समय तक आपूर्ति बहाल न होने से इनवर्टर भी जवाब दे गए।
जेबी पुरम निवासी विनोद उपाध्याय ने बताया कि गर्मी कम होने से एसी की जरूरत तो नहीं पड़ी, लेकिन टंकी का पानी खत्म हो गया, इससे घरेलू कामकाज बाधित हुए। लंबे समय तक बिजली न आने पर अधिकारियों से संपर्क किया गया तो जल्द आपूर्ति का दावा किया गया, लेकिन रात दस बजे के बाद भी बिजली नहीं आ सकी थी। इसी तरह अन्य उपभोक्ता भी लंबी कटौती से परेशान रहे। अधीक्षण अभियंता विनय कुमार ने बताया कि दूसरी केबल से लाइन जोड़कर सप्लाई बहाल कराने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, शहर के नियावां, सिविल लाइन, लालबाग, चौक, अमानीगंज समेत अन्य उपकेंद्रों पर भी विभिन्न कार्यों और फाल्ट की वजह से उपभोक्ताओं को अलग-अलग अवधि में बिजली संकट का सामना करना पड़ा।