सरेनी (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 11 बजे ट्रक पर लदे गन्ने में बिजली का केबल फंस गया। इससे बिजली के पांच खंभे टूट गए। 40 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गांव के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं, जिस समय यह घटना हुई, उसी समय बिजली नहीं आ रही थी। इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।
लालगंज-सरेनी मार्ग से गन्ने से लदा ट्रक हैदरगढ़ जा रहा था। हसनापुर गांव के निकट ट्रक पर लदे गन्ने में केबल फंस गया। चालक केबल को काफी दूर तक खींचता चला गया। इससे सड़क के किनारे लगे तीन और गांव के अंदर लगे दो पोल टूट गए। केबल भी टूट गया। इससे पूरे गांव में अंधेरा पसर गया।
लल्लू, दिलीप, अमरनाथ, प्रेमशंकर ने बताया कि ट्रक पर काफी ऊपर तक गन्ना लदा था। इस वजह से केबल फंस गया। गनीमत रही बिजली नहीं आ रही थी, वरना करंट फैल सकता था। ग्रामीणों की सूचना पर कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टूटे पोल से केबल हटाकर आधे गांव की बिजली चालू करवाई, लेकिन 40 घरों की बिजली गुल है। अवर अभियंता कृपाशंकर ने बताया कि ट्रक मालिक से बात हुई है। उसने नुकसान की भरपाई करने के लिए कहा है।