उत्तर प्रदेश में बिजली समस्याओं से पीड़ित लोगों की पॉवर कॉरपोरेशन लखनऊ स्थित शक्ति भवन में जनसुनवाई करेगा। इसमें लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, कानपुर, रायबरेली, प्रयागराज, सुल्तानपुर समेत प्रदेशभर से पीड़ित अपनी व्यथा सुना सकेंगे। ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा इनका निदान कराएंगे।
दरअसल, ऊर्जा मंत्री ने लखनऊ में अमर उजाला द्वारा आयोजित बिजली शिविरों में उमड़े पीड़ितों एवं उनकी निराकरण होने वाली जटिल समस्याओं का संज्ञान लिया है। अब उन्होंने कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल को शक्ति भवन में पीड़ितों की समस्याओं की सुनवाई के निर्देश दिए हैं। अध्यक्ष ने इस जनसुनवाई के लिए मुख्य अभियंताओं को रोस्टर के हिसाब से नामित भी कर दिया है। जनसुनवाई का समय सुबह 11:00 से दोपहर 1:00 बजे तक सोमवार से शनिवार होगा।
यह भी पढ़ेंः- लोकदल का भाजपा पर हमला: यूपी में छीना जा रहा मुसलमानों का हक..., राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले- नहीं मना पा रहे पर्व
सिविल विंग द्वारा जनसुनवाई का इंतजाम किया जा रहा है। शक्ति भवन की लॉबी में पीड़ित अपनी व्यथा सुना सकेंगे। ताकि, उनको आवागमन में परेशानी न हो। रोजाना होने वाली सुनवाई की रिपोर्ट ऊर्जा मंत्री को भेजी जाएगी। इससे उत्पीड़न करने वाले जेई, एसडीओ, एक्सईएन सहित अन्य इंजीनियरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी हो सकेगी।
पॉवर कॉरपोरेशन द्वारा नामित मुख्य अभियंताओं ने बताया कि इस सुनवाई में आने से पहले पीड़ितों को टोल फ्री नंबर 1912 पर अपनी शिकायत दर्ज करानी होगी। यदि शिकायत दर्ज नहीं होगी, तो पहले उनका पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद ही उनकी समस्या का निराकरण हो सकेगा। शिकायत दर्ज होने के बाद पीड़ित अपनी शिकायत की प्रगति जान सकेगा।
| नाम | दिन |
| सतीश सिंह | सोमवार |
| आशु कालिया | मंगलवार |
| अनुराग अग्रवाल | बुधवार |
| प्रमोद कुमार | बृहस्पतिवार |
| सुबोध कुमार शर्मा | शुक्रवार |
| डीसी वर्मा | शनिवार |