उमस भरी गर्मी के बीच राजधानी की करीब 15 लाख आबादी शनिवार को करीब पांच घंटे तक बिजली कटौती से जूझना पड़ा।
करीब दो दर्जन उपकेंद्रों से आपूर्ति ठप हो जाने से दुबग्गा से इटौंजा तक और चौक से विकासनगर कॉलोनी तक की बिजली गुल रही।
वहीं, गऊघाट पंपिंग स्टेशन को बिजली नहीं मिल पाने से इससे जुड़े करीब आधे शहर को पानी के लिए भी तरसना पड़ा। राजधानी में शनिवार को 15 लाख आबादी की बत्ती गुल हो गई, जिससे लेसा से शक्ति भवन तक हड़कंप मचा।
यह बिजली संकट तीन 132 केवी उपकेंद्रो से जुड़े पच्चीस 33/11 केवी उपकेंद्रों के ठप होने से उत्पन्न हुआ। इससे दुबग्गा से इटौंजा तक और चौक से विकासनगर कॉलोनी तक लोगों को बिजली के लिए तड़पना पड़ा।
बिजली कटौती के जद में कई अस्पताल और गऊघाट पंपिंग स्टेशन भी आए। डेढ़ घंटे बाद 25 मे से 10 उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
बत्ती गुल होने से लेसा के बिलिंग केंद्र सहित अन्य दफ्तरों का काम ठप रहा। शेष इलाकों में रात 8:32 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
शनिवार को मुख्य अभियंता शमीम अहमद ने बताया कि शाम 3:38 बजे 220 केवी सरोजनीनगर से 220 केवी हरदोई रोड उपकेंद्र को आने वाली ओवर हेड लाइन का जम्पर उपकेंद्र के निकट टूट गया।
इससे 132 केवी नीबू पार्क, सहारा सिटी होम एवं एनकेएन उपकेंद्रों को बिजली बंद हो गई। इससे पच्चीस 33/11 केवी उपकेंद्र ठप हो गए।
लेसा के 30 ऑनलाइन बिलिंग केंद्रों पर बिल भुगतान बंद हो गया। बिजली संकट की चपेट में आम जनता के साथ-साथ लेसा के अफसर एवं कर्मचारी तक आए, जो बिजली बंद होने पर कामकाज ठप करके दफ्तर से घर की राह पकड़ ली।
हालांकि डेढ़ घंटे बाद अस्पताल सहित अन्य आवश्यक सेवाएं की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
इन इलाकों के लोगों ने झेला संकट
ठाकुरगंज, राधा ग्राम, मल्लाही टोला, दौलतगंज, हुसैनाबाद, मुफ्तीगंज, रामगंज, मोहिनीपुरवा, शीश महल, चौक, चौपटिया, माली खां सराय, लाजपतनगर, मेडिकल कॉलेज, जगत नरायन रोड में बंद रही आपूर्ति।
इसके अलावा अकबरी गेट, पाटानाला, नक्खास, नादान महल रोड, बिल्लौचपुरा, अशर्फाबाद, अहियागंज, राजा बाजार, सिटी स्टेशन, रेेजीडेंसी, हाईकोर्ट परिसर, वजीरगंज, अमीनाबाद, मौलवीगंज, नजीराबाद, श्रीराम रोड, गुइन रोड, बारूद खाना में संकट रहा।
गोलागंज, डालीगंज, मुकारिमनगर, नेहरूनगर, मोहन मीकिन रोड, लखनऊ विश्वविद्यालय, निशातगंज, बाबूगंज और लाहौरगंज में दिक्कत रही।
विकासनगर, त्रिवेणीनगर, फैजुल्लागंज, सीतापुर रोड, खदरा, लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर, न्यू हैदराबाद, प्रियदर्शिनी कॉलोनी, भरतनगर, प्रीतिनगर, जानकीपुरम, मड़ियांव में भी लोग बिना बिजली के रहे।
यह अस्पताल और संस्थान रहे प्रभावित
मेडिकल कॉलेज, बलरामपुर अस्पताल, रेडक्रास अस्पताल, क्वीन मेरी एवं डफरिन चिकित्सालय, लेसा भवन, कचहरी, डीएम कार्यालय, कैसरबाग बस अड्डा, एसएसपी दफ्तर, लखनऊ विश्वविद्यालय, बालाघाट जलकल।
अनुमति में फंसी बिजली
लेसा के एक्सईएन की माने तो पॉवर कॉर्पोरेशन सिस्टम कंट्रोल के अनुमति के चक्कर मे डेढ़ घंटे तक बिजली फंसी रही।
220 केवी हरदोई उपकेंद्र को 220 केवी कुर्सी रोड एवं 132 केवी एनकेएन को 220 केवी चिनहट उपकेंद्र से वैकल्पिक रूप से बिजली देने की सुविधा है, लेकिन सिस्टम कंट्रोल के अफसरों ने पारेषण इकाई के इंजीनियरों को बिजली चालू करने की अनुमति नहीं दी।
डेढ़ घंटे बाद अनुमति मिलने पर आवश्यक सेवाओं की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।