मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर की कुर्सी खाली है। शासन में एक-एक अफसर के पास कई-कई विभागों की जिम्मेदारी है, लेकिन केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से काडर ट्रांसफर करवाकर यूपी लौटे आधा दर्जन आईएएस अधिकारियों की पोस्टिंग नहीं हो पा रही है। ये सभी अधिकारी घर बैठे नई पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं।
पंजाब काडर की 2011 बैच की आईएएस श्रुति, यूपी काडर के 2011 बैच के आईपीएस शैलेश कुमार पांडेय से विवाह होने के आधार पर यूपी काडर में स्थानांतरित हो कर आई हैं।
ये अगस्त में ही जॉइनिंग दे चुकी हैं, लेकिन इन्हें अब तक पोस्टिंग नहीं मिली है। इसी तरह असम-मेघालय काडर से अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति पर आए 2004 बैच के आईएएस अधिकारी संजय गोयल भी अगस्त में आ गए थे, लेकिन दो महीने से वेटिंग में हैं।
इसी तरह अंतरराज्यीय प्रतिनियुक्ति पर कर्नाटक में कार्यरत रहीं यूपी काडर की 2001 बैच की आईएएस अधिकारी अपर्णा यू व केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए 2004 बैच के यूपी काडर के आईएएस अधिकारी एनजी. रवि कुमार समय से पहले यूपी लौट चुके हैं।
ये दोनों ही पिछले महीने यहां जॉइनिंग दे चुके हैं, लेकिन सरकार इन्हें पोस्टिंग देने का समय नहीं निकाल पाई है। खास बात यह कि जिन अधिकारियों को वेटिंग में रखा गया है, उनमें दूसरे राज्य से आए और नए अफसर भी शामिल हैं।
...लेकिन विजय को लौटते ही मिली तैनाती
जहां कई आईएएस अधिकारी 15 दिन से दो महीने तक से तैनाती का इंतजार कर रहे हैं, वहीं केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे 2004 बैच के यूपी काडर के आईएएस अधिकारी विजय विश्वास पंत को 21 सितंबर को प्रतिनियुक्ति से लौटते ही 25 सितंबर को पोस्टिंग मिल गई। उन्हें मुख्य सचिव का स्टाफ अफसर बनाया गया है।
छुट्टी से लौटकर अटक गए दो अफसर
2008 बैच की आईएएस किंजल सिंह लंबी छुट्टी के बाद सितंबर के पहले सप्ताह में लौटी थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी की। इसी तरह अयोध्या नगर निगम के पहले नगर आयुक्त नियुक्त किए गए 2009 बैच के आईएएस अधिकारी एस. राजलिंगम का नई जिम्मेदारी पर मन नहीं लगा, इसलिए वह छुट्टी पर चले गए थे। उन्हें भी छुट्टी से लौटे काफी समय हो गया है। अब यह दोनों अधिकारी पोस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं।
इन्हें पोस्टिंग का इंतजार
अपर्णा यू-2001 बैच
रवि कुमार एनजी.-2004 बैच
संजय गोयल-2004 बैच
किंजल सिंह-2008 बैच
एस. राजलिंगम-2009 बैच
श्रुति-2011 बैच