लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ अब देश की जनसंख्या में होने बदलाव को हर सेकंड बताता रहेगा। इसके लिए लविवि के गेट नंबर दो पर डिजिटल पॉपुलेशन क्लॉक लगाई जाएगी। यह घड़ी लविवि का पॉपुलेशन रिसर्च सेंटर लगाएगा। सेंटर एक मार्च को एक सेमिनार करेगा। इसी के तहत यह घड़ी लगाई जा रही है।
लविवि के अर्थशास्त्र विभाग के आधीन और भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के वित्तीय सहयोग से जनसंख्या शोध केंद्र स्थापित है। इसके तहत ही सेमिनार होने जा रहा है। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्वनी चौबे मुख्य अतिथि होेंगे। जनसंख्या शोध केंद्र के निदेशक प्रो. एमके अग्रवाल ने बताया कि इस समय 1090 चौराहे पर जो पॉपुलेशन क्लॉक लगी है, उसमें उत्तर प्रदेश की जनसंख्या का पता चलता है। लविवि में लगने वाली क्लॉक में भारत की जनसंख्या बताई जाएगी। लखनऊ में इस तरह की पहली घड़ी होगी। वहीं एक मार्च को अर्थशास्त्र विभाग की ओर से आयोजित सेमिनार में देश भर के 18 जनसंख्या शोध केंद्र के प्रभारी शामिल होकर जनसंख्या पर 2019-20 में हो चुके शोध पर परिचर्चा करेंगे।