कैंटीन मालिक को नोटिस भेजकर मांगा जवाब
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। चारबाग बस अड्डे की कैंटीन में यात्रियों को घटिया खाद्य सामग्री बेची जा रही थी। यात्रियों की शिकायत पर कैंटीन में बिक रहे सामानों की जांच कराई गई, जिसमें नमकीन, समोसा, ननखटाई, मटर के हरे दाने, ब्रेड पकौड़ा आदि आइटम घटिया क्वालिटी के मिले। इनमें कई सामान विभिन्न ब्रांड के नाम से यात्रियों को बेचे जा रहे थे, जिनके लिए अनुमति नहीं थी। क्षेत्रीय प्रबंधक से लेकर मुख्यालय के अफसरों ने इसे गंभीरता से लिया है। जांच में सामानों में कई तरह की गड़बड़ी मिली हैं। नमकीन पर पैकिंग तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। यात्री नम्रता सिंह ने बताया कि समोसा, ब्रेड पकौड़ा, गुझिया खुले में बिक रहे थे, जिन पर मक्खियां भिनभिना रहीं थीं, जिसकी शिकायत की गई। बेसन के सेव पॉलीपैकिंग में तो थे, पर पैकिंग पर कोई ब्रांड नहीं पाया गया। नानखटाई पैकिंग पर भी कोई विवरण दर्ज नहीं था।
जवाब न मिलने पर ब्लैकलिस्ट में डालेंगे
चारबाग बस अड्डे के कैंटीन पर अनुबंध के खिलाफ घटिया सामानों की बिक्री जांच में पाई गई है। इसके लिए प्रोपराइटर विनोद को नोटिस भेजा गया है। तीन दिन में जवाब नहीं मिलने पर कैंटीन को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
- मनोज कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, लखनऊ