प्राविधिक शिक्षा परिषद ने फरवरी में हुई विषम सेमेस्टर परीक्षा/विशेष बैक पेपर परीक्षा, दिसम्बर-2022 का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया है। अध्यक्ष प्राविधिक शिक्षा परिषद/ प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा सुभाष चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई परीक्षा परिणाम समिति की बैठक में इसे जारी किया गया।
परीक्षा में कुल 1,78,691 परीक्षार्थी (विषम सेमेस्टर/ सप्लीमेंट्री) पंजीकृत थे। इनमें कुल 1,74,915 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 93,190 परीक्षार्थी पास हुए हैं। वहीं 74,507 परीक्षार्थी बैक पेपर सहित पास हुए हैं।
परीक्षा में नकल के आरोप में पकड़े गए 82 परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम रोका गया है, जिस पर आगामी परीक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया जाएगा। सचिव प्राविधिक शिक्षा परिषद एफआर खान ने बताया कि परीक्षा प्रदेश के 250 केंद्रों पर हुई थी। परीक्षा परिणाम परिषद की वेबसाइट
www.bteup.ac.in पर भी उपलब्ध है।