भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का कोई नेता व मंत्री किसी अपराधी की मदद के लिए किसी को फोन नहीं करता। कार्यकर्ता चौपाल के जरिए सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। चौपाल को अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
चौपाल को क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद्र श्रीवास्तव, जिला प्रभारी शंकर गिरी, विधायक सूर्यभान सिंह, देवमणि द्विवेदी, राजेश गौतम, सीताराम वर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी, उपाध्यक्ष संतबक्श सिंह, पूर्व मंत्री विनोद सिंह समेत अन्य मौजूद रहे। इससे पहले अलीगंज में पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने समर्थकों समेत प्रदेश अध्यक्ष को 51 किलो की माला पहना कर उनका स्वागत किया।
चौपाल के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं के साथ बांसी में दलित सुनील कुमार के घर पहुंचकर पांत में बैठकर भोजन किया। पार्टी कार्यालय पर आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने हिस्सा लिया। बैठक में उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तैयारियों की जानकारी ली।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बड़े पदाधिकारी पंचायत चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। इसमें क्षेत्रीय महामंत्री, मंत्री, जिलाध्यक्ष, महामंत्री भी शामिल हैं। उन्होंने पंचायत चुनाव में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का निर्देश दिया। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि जिले में पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष का जगह-जगह कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने स्वागत किया। उन्हें स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया। बहमरपुर में प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ता के घर चाय पी।