प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में हाथरस की घटना पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मोमबत्ती जुलूस निकाला गया। पुलिस ने रोका तो लल्लू समेत सभी नेता सड़क पर बैठक गए। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, सिद्धार्थ प्रिय श्रीवास्तव, अनिल यादव, यूथ कांग्रेस के शिवम त्रिपाठी आदि शामिल रहे। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की सिद्धिश्री, तरुण रावत और सरलेश रावत आदि ने काली पट्टी बांधकर न्याय मार्च निकाला गया।
पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगी प्रिंयका
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लल्लू ने बताया कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवारजनों से फोन पर बात की है। वह शीघ्र ही उनके घर भी जाएंगी।
बहन-बेटियों वाले परिवारों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण शासनकाल : अखिलेश
पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर ट्वीट किया, हाथरस की गैंगरेप एवं दरिंदगी की शिकार एक बेबस दलित बेटी ने आखिकारकार दम तोड़ दिया। नम आंखों से पुष्पांजलि। आज की असंवेदनशील सत्ता से अब कोई उम्मीद नहीं बची है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर हो रहे व्यंग-चित्रण वर्तमान सत्ता के दिखावटी शासन का भंडाफोड़ है। ये उत्तर प्रदेश के बहन-बेटियों वाले परिवारों के लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण शासनकाल है।
अपराधियों को मिले जल्द सजा : मायावती
बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट करके कहा कि यूपी के हाथरस में गैंपरेप के बाद दलित पीड़िता की आज हुई मौत की खबर अति दुखद है। सरकार पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करे। बीएसपी की यह मांग है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर अपराधियों को जल्द सजा सुनिश्चित करे।
महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सीएम जवाबदेह : प्रियंका
प्रियंका ने ट्वीट किया, हाथरस में हैवानियत झेलने वाली दलित बच्ची ने सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो हफ्ते तक वह अस्पतालों में जिंदगी और मौत से जूझती रही। हाथरस, शाहजहांपुर और गोरखपुर में एक के बाद एक रेप की घटनाओं ने राज्य को हिला दिया है। यूपी में कानून व्यवस्था हद से ज्यादा बिगड़ चुकी है। महिलाओं की सुरक्षा का नाम-ओ-निशान नहीं है। अपराधी खुलेआम अपराध कर रहे हैं। इस बच्ची के कातिलों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। प्रियंका ने सीएम को टैग करते हुए कहा, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा के प्रति आप जवाबदेह हैं।
भाजपा के महिला सम्मान के नारे दिखावटी : नरेश उत्तम पटेल
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा के बेटी बचाओ और महिला सम्मान के नारे दिखावटी और जनता को बहकाने वाले हैं। पीड़िता युवती की रिपोर्ट लिखने में पुलिस को 8 दिन लग गए। पुलिस ने छेड़खानी में केस दर्ज किया। इसके विरोध में सपा सड़क से संसद तक आवाज उठाएगी और उप चुनावों में भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ेगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन जब पीड़ित परिवार से मिलने बूलगड़ी जा रहे थे। पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर आगे जाने से रोका। रामजी सुमन के साथ पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजूद्दीन, जिला महासचिव जैनुद्दीन चौधरी आदि सैकड़ों कार्यकर्ता थे। सपा ने सभी जिलों में महिलाओं ने कैंडल मार्च निकालकर इस घटना का विरोध किया। महिलाओं के मार्च को कई जगह पुलिस ने रोकने की कोशिश भी की।
राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी की जिला एवं महानगर महिला सभा की ओर से हाथरस कांड और सरकार की दलित विरोधी नीति के खिलाफ कैंडल मार्च निकाला गया। पार्टी के लखनऊ जिला कार्यालय, कैसरबाग से महिलाओं का जुलूस महिला सभा की जिलाध्यक्ष प्रेमलता यादव और महानगर अध्यक्ष किरन पांडेय के नेतृत्व में शुरू हुआ। पुलिस ने कार्यालय के गेट पर ही घेराबंदी शुरू कर दी। कामिनी पटेल, उर्मिला रावत, सुधा यादव आदि मुख्य रूप से शामिल थीं।