फोटो-3-बलरामपुर के रमवापुर में मंहगाई के विरोध में प्रदर्शन करते कांग्रेसी।(संवाद)
- फोटो : BALRAMPUR
तुलसीपुर (बलरामपुर)। देश में दिन प्रतिदिन डीजल, पेट्रोल व रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ते जा रहे हैं। महंगाई के बोझ तले आम इंसान दबा हुआ है। महंगाई के चलते गरीबों की थाली से भोजन गायब होता जा रहा है। केंद्र सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल दिखाई दे रही है।
यह बातें शनिवार की शाम रमवापुर में मंहगाई के विरोध में प्रदर्शन करते हुए युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अफरोज खान ने कही। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, सरसों का तेल, पेट्रोल, डीजल व खेती किसानी का सामान दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं।
बढ़ती महंगाई से लोगों को दो जून की रोटी के लाले पड़ गए हैं। जिला प्रभारी जियाउद्दन वारसी ने कहा कि केन्द्र सरकार बढ़ते महंगाई को रोक पाने में पूरी तरह विफल है। महंगाई के चलते लोगों के घर का बजट बिगड़ गया है। किसान, गृहिणी व युवा बढ़ती महंगाई के चलते परेशान हैं। प्रदर्शन को एहसान खान, अरमान खान, अनिल साहू, अली अहमद, निसार अहमद आदि ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन में लोगों ने केंद्र सरकार से बेकाबू होती जा रही महंगाई पर काबू पाने की मांग की। इस अवसर पर विक्रम सोनकर, विनय सोनकर, अब्दुल कलाम, पंकज मिश्रा, रकीब अहमद व इलियास अहमद आदि मौजूद रहे।