लखनऊ। सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत राजधानी में 7.31 लाख बच्चों को पोलियो की दवाई पिलाई जाएगी। इसमें शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा दी जाएगी। एडीएम अमित कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समीक्षा बैठक हुई।
विटामिन-ए संपूरण कार्यक्रम के तहत नौ माह से पांच साल तक के 4.28 लाख बच्चों को विटामिन-ए की दवा पिलाई जाएगी। इसकी शुरुआत चार दिसंबर से हो चुकी है। पोलिया अभियान आठ दिसंबर से शुरू होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एपी मिश्रा ने बताया कि पोलियो की खुराक बूथ व स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर पिलाएंगे। जिला अस्पताल, सभी सीएचसी, पीएचसी और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में सुबह आठ से शाम चार बजे तक पोलियो का बूथ लगेगा। आंगनबाड़ी केंद्रों, प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों पर भी बूथ लगेंगे। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने अपील की है कि अभिभावक, बच्चों को पोलियों की दवा जरूर पिलाएं।