विशेश्वरगंज थाने में तैनात सिपाही के साथ हरदोई जिले में बहन की शादी के लिए सामान लेते समय पुलिसकर्मियों द्वारा की गई अभद्रता से आहत होकर सिपाही ने एसपी को त्याग पत्र भेजा है। सिपाही के त्यागपत्र देने से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी ने सिपाही के त्यागपत्र को हरदोई के एसपी को भेजकर आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश की है।
विशेश्वरगंज थाने में २०१६ बैच के सिपाही रामवीर पाल की तैनाती है। वह 10 मई को अवकाश लेकर अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए हरदोई गया हुआ था। आरोप है कि वह पिहानी चुंगी हरदोई में स्थित एक किराने की दुकान से 16 मई को सामान लेकर घर जाने के लिए रिक्शे पर सामान रख रहे थे। आरोप है कि सामान रखते समय ही वहां पर तैनात दीवान प्रमोद कुमार व लक्ष्मण सिंह चंदेल आए और रिक्शाचालक को पीटने लगे।
सिपाही का कहना है कि परिचय देने के बाद भी दीवान व अन्य पुलिसकर्मी परिवार के सामने गाली देने लगे। जिससे मन को काफी आहत हुआ। परिवार के सामने हुए अपमान से आहत होकर सिपाही ने २२ मई को एसपी बहराइच सुजाता सिंह को अपना त्याग पत्र भेज दिया। एसपी सुजाता सिंह ने बताया कि हरदोई एसपी को प्रकरण संज्ञान में डाल दिया गया है। उनसे जांच कराने के बाद दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश की गई है।