अगर किसी बैंक या प्रतिष्ठ में इमरजेंसी अलार्म बजेगा तो पुलिस तत्काल मदद के लिए पहुंच जाएगी। इसके लिए पुलिस को लोकेशन बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दरअसल, अलार्म बजते ही यूपी 112 पर अलर्ट पहुंच जाएगा और पुलिस को तत्काल मौके के लिए रवाना कर दिया जाएगा। हालांकि इसके लिए यूपी 112 के साथ उस प्रतिष्ठान या बैंक का पहले से लिंक होना जरूरी है।
यूपी 112 के एडीजी असीम अरुण ने बताया कि यूपी 112 की लिंक योजना से अब तक 4,600 से अधिक प्रतिष्ठान जुड़ चुके हैं। इनमें ज्यादातर ज्वैलरी शॉप और मोबाइल टावर शामिल हैं। कोई भी कारोबारी, दुकानदार, बैंक व प्रतिष्ठान इस लिंक योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उसे यूपी 112 पर संपर्क कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। जिससे संबंधित प्रतिष्ठान की लोकेशन व संपर्क नंबर ली जा सके ताकि अलार्म बजने वहां की पूरी जानकारी यूपी 112 के डैश बोर्ड पर प्रदर्शित होने लगेगी। रजिस्ट्रेशन निशुल्क है। उन्होंने बताया कि इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू किया गया था, लेकिन सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद पूरे राज्य में यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।