डॉ. रमीज मलिक।
लखनऊ। यौन शोषण और धर्मांतरण के प्रयास के आरोपी केजीएमयू के रेजिमेंट डॉक्टर रमीज मलिक के खिलाफ पुलिस सोमवार को कोर्ट में कुर्की की कार्रवाई के लिए आवेदन करेगी। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद पहले कुर्की का नोटिस जारी किया जाएगा। इसके कुछ दिन बाद कुर्की की जाएगी।
डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी डॉ. रमीज मलिक के खिलाफ उन्होंने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बृहस्पतिवार को पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दर्ज कराया गया था। सूत्र बताते हैं कि बयान में पीड़िता ने वही सारे आरोप दोहराए, जो उन्होंने एफआईआर में लिखाया है।
वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम की संख्या अब तीन से बढ़ाकर चार कर दी गई है। पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच और सर्विलांस सेल की भी टीम भी रमीज की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इसके बाद भी आरोपी हाथ नहीं लग पा रहा है। पुलिस के पास आरोपी की सही लोकेशन भी नहीं है। मोबाइल फोन बंद करने के बाद आरोपी ने अब तक न तो फोन ऑन किया है और न ही किसी करीबी से संपर्क किया है।