आतंकी संगठन आईएस से जुड़ने की कोशिश की आशंका में कानपुर की रायपुरवा पुलिस ने बुधवार को नदीम रजा उर्फ अबूजर को गिरफ्तार कर लिया। नदीम ने फर्जी दस्तावेज से पासपोर्ट बनवाया था।
किसी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से शिकायत कर दी थी तब स्थानीय पुलिस को अलर्ट किया गया था। 20 अक्तूबर को थाना रायपुरवा में उसके खिलाफ फर्जी दस्तावेज से पासपोर्ट बनवाने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
इसके बाद से नदीम घर से गायब था। दूसरी ओर नदीम के पिता नफीस रजा ने कहा कि साजिश के तहत उनके बेटे को फंसाया गया है उसका झुकाव किसी आतंकी संगठन की तरफ नहीं है।
रायपुरवा पुलिस ने बुधवार सुबह जीटी रोड क्रासिंग नंबर तीन के पास से नदीम को गिरफ्तार करने का दावा किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस, एटीएस और खुफिया विभाग ने गुप्त जगह पर नदीम से घंटों पूछताछ की। पूछताछ के बाद नदीम को जेल भेज दिया गया।