लोकसभा चुनाव में गड़बड़ी की आशंकाओं को देखते हुए पुलिस का चेकिंग अभियान जारी है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बहराइच के नानपारा के भदवारा गांव में छापेमारी की। इस दौरान वहां से अवैध असलहों की फैक्ट्री पकड़ी है।
पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है। साथ ही पांच बने हुए असलहे बरामद किए गए हैं। जबकि भारी संख्या में अधबने असलहे और करतूस भी बरामद किए गए हैं। मौके से असलहे बनाने के उपकरण और भट्ठी भी मिली है।
पुलिस अधीक्षक डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि नानपारा पुलिस ने भदवारा गांव में दबिश देकर असलहा बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मार कर मौके पर ही तीन अभियुक्त बाबादीन पुत्र मुमताज, सुरेश उर्फ गोबरे पुत्र मेवालाल और सावितराम पुत्र रामदुलारे सोनकर को निर्मित असलहे व असलहे बनाने के उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है।