बुजुर्ग को रसगुल्ला खिलाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
लॉकडाउन की घोषणा के बाद एक तरफ जहां पूरा देश कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए घरों में बैठा है। वहीं, पुलिस-प्रशासन अपनी तरफ से हरसंभव कोशिश कर रहा है कि आम लोगों को मुश्किल न हो। उन्हें आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति हर हाल में की जाए।
रविवार को इसका नजारा लखनऊ के हजरतगंज में देखने को मिला। हजरतगंज इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह के सीयूजी पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले 88 साल के आरसी केसरवानी थे।
उन्होंने कहा कि वह शुगर के मरीज हैं। उनका शुगर लेवल काफी कम हो गया है। परिवार में कोई नहीं है। बहू व बेटा अमेरिका में रहते हैं। बुजुर्ग ने कहा कि संकोच हो रहा है लेकिन मजबूर हूं। अगर आप रसगुल्ला उपलब्ध करा दें तो उनकी जिंदगी बच जाएगी।
इंस्पेक्टर ने तत्काल नरही चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह को बुजुर्ग की डिमांड के बारे मे बताया। आनन-फानन में मिठाई की दुकान खुलवाकर रसगुल्ला मंगाया गया। इंस्पेक्टर व चौकी प्रभारी दोनों बुजुर्ग के फ्लैट पर गये। वहां उसे रसगुल्ला खिलाया फिर शुगर लेवल की जांच कराई।