लखनऊ। गोमतीनगर में जमानत हसन (19) की मौत के मामले में पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी पुलिस विशेषज्ञों से राय ले सकती है।
चौक निवासी जमानत हसन अपने दोस्त अमान सिद्दीकी के साथ तीन जून को स्कूटी से घूमने के लिए निकले थे। रात करीब 9:30 बजे गोमतीनगर विस्तार स्थित जी-20 चौराहे पर बाइकर्स गैंग रेसिंग कर रहे थे। उधर से गुजरते समय बाइकर्स गैंग में शामिल मड़ियांव निवासी आदर्श और जानकीपुरम के रहने वाले सोनू ने जमानत हसन का रेसिंग ट्रैक से निकलने का विरोध किया था। अमान का आरोप है कि जमानत के निकलते ही सोनू और आदर्श ने टक्कर मार कर उन्हें गिरा दिया था। आरोपियों ने उनके ऊपर बाइक चढ़ा दी थी।गंभीर हालत में जमानत को अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। सोमवार को मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि वारदात के समय आरोपी कहां थे। इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। प्राथमिक जांच में सड़क हादसे की बात सामने आई थी। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।