अपनी बूढ़ी मां के साथ बैंक में पैसा निकालने गए एक युवक व उसकी मां को यहां सुरक्षा में तैनात एक सिपाही ने पीट दिया। पुलिस की पिटाई से मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख आसपास के लोग आक्रोशित हो उठे और लखनऊ मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंचे सीओ व एसओ ने सिपाही को निलंबित करने की बात कही, तब जाकर लोग शांत हुए। पीड़ित ने आरोपी सिपाही के खिलाफ तहरीर दी है। एसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया। मामला कुर्सी थाने टिकैतगंज कस्बे का है।
टिकैतगंज कस्बे में मंगलवार को यहीं धर्मेंद्र कुमार अपनी बूढ़ी मां लक्ष्मी के साथ बैंक में पैसा निकालने के लिए गया था। धर्मेंद्र का आरोप है कि वह बैंक ऑफ इंडिया में पैसा निकालने के लिए मां के साथ लाइन में लगे थे, तभी वहां पहुंचे थाने के सिपाही अजय सिंह अपने परिचितों का पैसा बदलवाने लगे और धर्मेंद्र को पीछे ढकेल दिया।
महिला को भी नहीं बख्शा
मां-बेटे की पिटाई के बाद थाने के बाहर प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : amar ujala
धर्मेंद्र ने जब इसका विरोध किया तो सिपाही ने बैंक से बाहर निकालकर धर्मेंद्र्र पर लाठी बरसाना शुरू कर दिया। यह देख पास पहुंची धर्मेंद्र की मां लक्ष्मी की भी सिपाही ने लाठी से पिटाई कर दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सिपाही की बर्बरता पर बैंक की लाइन में लगे व आसपास के ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और लखनऊ -महमूदाबाद मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई व रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रहे थे। जिसके बाद पहुंचे सीओ फतेहपुर श्रीपाल यादव व थाना प्रभारी निरीक्षक जनमेजय सचान ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया। इस बीच जानकारी मिलने पर आरोपी सिपाही को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया। इस बात की जानकारी सीओ ने ग्रामीणों को दी।
जिसके बाद करीब एक घंटे तक चला प्रदर्शन समाप्त हो सका। वहीं पीड़ित द्वारा आरोपी सिपाही के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है लेकिन पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इस बाबत एसपी राजूबाबू सिंह का कहना है कि बैंक की लाइन में लगे मां-बेटे से मारपीट करने वाले सिपाही को निलंबित किया गया है। मामले की जांच के आदेश दिए हैं जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।