सीतापुर जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र के दाऊदपुर नर्सरी के पास मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ ने तस्करी के लिए ले जाये जा रहे 462 तोते संग तस्कर को गिरफ्तार किया है। सुबह करीब साढ़े आठ बजे एसटीएफ के उप निरीक्षक अमित तिवारी अपने हमराही फोर्स व डिप्टी रेंजर अभिषेक सिंह वन विभाग के साथ दाऊदपुर नर्सरी के पास पहुंचे।
उन्हें सूचना मिली थी कि एक तस्कर बड़े पैमाने पर तोते लेकर जा रहा है। थोड़ी देर बाद एक बोलेरो आती दिखी। घेराबंदी कर बोलेरो से प्रतिबंधित प्रजाति के 462 तोते बेचने जा रहे रईस अहमद (39) निवासी पहाड़पुर पोस्ट महेशपुर थाना खैराबाद को दबोच लिया।
अमित तिवारी ने बताया कि कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि पीलीभीत क्षेत्र के वन क्षेत्र से प्रतिबंधित प्रजाति के पक्षियों को पकड़ कर उनकी तस्करी हो रही है। आज मुखबिर की सूचना मिलने पर वन विभाग के साथ मिलकर दाऊदपुर नर्सरी के निकट बोलेरो में पिंजडों में बंद 462 प्रतिबंधित प्रजाति के तोतों सहित तस्कर रईस को मय बोलेरो के गिरफ्तार कर लिया गया। स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।