सुल्तानपुर रोड से गिरफ्तार किए गए गोवंश तस्कर
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में पुलिस ने बृहस्पतिवार को सुल्तानपुर रोड पर घेराबंदी करके 75 गोवंशीय मवेशियों से लदे तीन कंटेनर के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक कंटेनर चालक ने घेराबंदी किए पुलिसकर्मियों की तरफ गाड़ी दौड़ाकर भाग निकलने की कोशिश की।
इसमें दो सिपाही घायल हुए। एक एसयूवी सवार तस्कर कंटेनर चालकों को रास्ता बताते हुए आगे चल रहा था। प्रभारी निरीक्षक गऊदीन शुक्ल ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना पर बृहस्पतिवार रात मऊ रेलवे क्रॉसिंग पर घेराबंदी की गई।
कुछ समय बाद तीन कंटेनर आते देखकर पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। इससे आरक्षी अश्विनी दीक्षित और अमरनाथ घायल हो गए। माजरा समझ में आते ही जीप से ओवरटेक करके तीनों कंटेनर रोकने के साथ चालकों को पकड़ा गया।
उन्हें रास्ता बताने के साथ टोह लेते हुए इनोवा से आगे चल तस्कर अंधेरे में गाड़ी से उतर कर भाग निकला। इनोवा को चालक समेत पकड़ा गया। तीनों कंटेनर में 75 गोवंशीय मवेशी भूसे की तरह ठूंसे थे। पुलिस टीमने आननफानन में उन्हें वाहन से उतारा। उनमें 11 मवेशी मर चुके थे।