दुबग्गा पटाखा मंडी में निरीक्षण करते अधिकारी।
लखनऊ । दुबग्गा के अमेठिया सलेमपुर गांव स्थित थोक पटाखा मंडी में रविवार शाम डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव और सीएफओ अंकुश मित्तल की संयुक्त टीम ने 58 दुकानों पर सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। टीम में एडीसीपी धनंजय कुशवाहा, एसीपी काकोरी शकील अहमद और सुरक्षा विभाग उप्र की टीम भी शामिल रही।
निरीक्षण में अधिकारियों ने दुकानों में रखे पटाखों के स्टॉक, लाइसेंस और फायर सेफ्टी उपकरणों की बारीकी से जांच की। दुकानों के बाहर रखे फायर एक्सटिंग्विशर को चलवाकर परखा गया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तैयारियां पुख्ता रहें। टीम ने दुकानदारों को बिक्री के दौरान दुकानों में बिजली आपूर्ति बंद रखने जैसे कई दिशा निर्देश दिए। डीसीपी पश्चिम ने कहा कि सभी 58 लाइसेंस धारकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन पर तुरंत कार्रवाई होगी। वहीं, सीएफओ अंकुश मित्तल ने दुकानदारों को आग बुझाने के उपकरणों और रेत-पानी की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान दमकल वाहनों की स्थिति और पार्किंग व्यवस्था की भी जांच की गई। टीम ने सुरक्षा विभाग के साथ मंडी में खड़े वाहनों व बाइकों की पड़ताल कर सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया।
दुबग्गा पटाखा मंडी में निरीक्षण करते अधिकारी।