श्रावस्ती। चोरी की लकड़ी लेकर मंगलवार रात सिरसिया से आ रही पिकअप विद्युत पोल से टकरा कर पलट गई। टकराने से पोल टूट गया। जिससे बेचई पुरवा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। वन कर्मियों ने लकड़ी सहित पिकअप कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार देर रात तुलसीपुर की ओर से धान की भूसी के बोरे के नीचे छुपा कर लकड़ी लाई जा रही थी। पिकअप जैसे ही सिरसिया-तुलसीपुर मार्ग स्थित सिरसिया के डगमरा नाला स्थित अखंड धाम आश्रम पहुंची। अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा कर पलट गई। टक्कर से विद्युत पोल टूट गया। जिससे चिर्रीपुर, बेचई पुरवा व धर्मंतापुर सहित आसपास क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। रेंजर पूर्वी सोहेलवा अनिमेष कुमार वर्मा ने चोरी की सात बोटा सागौन बरामद कर पिकअप समेत कब्जे में लिया। बताया कि पिकअप पर सवार लोग भाग गए। जांच हो रही है, जल्द खुलासा होगा।