शहर के कई नए इलाकों में जल्द ही पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) मिलने लगेगी।
पीएनजी आपूर्ति से जुड़ी ग्रीन गैस कंपनी ने अप्रैल से हर माह शहर के तीन हजार घरों की रसोई को पीएनजी कनेक्शन मुहैया कराने का लक्ष्य तय किया है।
इसके लिए कॉन्ट्रैक्टरों की मौजूदा संख्या को दो से बढ़ाकर दस तक किया जा रहा है। रसोई तक पीएनजी पहुंचने से लोगों को आए दिन महंगी हो रही घरेलू एलपीजी के साथ ही घटतौली व अन्य समस्याओं से भी छुटकारा मिल सकेगा।
हवा से भी हल्की होने के कारण इससे आग लगने या सिलेंडर फटने जैसे खतरे भी नहीं हैं। ग्रीन गैस कंपनी ने शहर में पांच साल पहले पीएनजी कनेक्शन देने की शुरुआत की।
बहरहाल इस काम की गति बेहद धीमी रही। यही वजह है कि आज भी पीएनजी उपभोक्ताओं का आंकड़ा महज डेढ़ हजार तक सिमटा है।
एसपी शर्मा के कंपनी का प्रबंध निदेशक का कामकाज संभालने के बाद कनेक्शनों को बढ़ाने के लिए नए सिरे से रोडमैप तैयार करने की कवायद शुरू हुई।
इसी के तहत कंपनी ने अप्रैल से हर माह करीब तीन हजार नए पीएनजी कनेक्शन जारी किए जाने का लक्ष्य तय किया है। बताया जा रहा है कि गोमतीनगर, आशियाना और एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड इलाके में जल्द ही पीएनजी पाइपलाइन पहुंचा दी जाएगी।
नए वित्तीय वर्ष में कनेक्शन देना भी शुरू हो जाएगा। बहरहाल कंपनी सबसे पहले आशियाना के सेक्टर एच, आई, एल और एम में कनेक्शन देने के मूड में है।
वहीं पहले फेज में ही गोमतीनगर इलाके के विभूतिखंड स्थित सीएसआई टावर, सृजन विहार और गौतमपल्ली में कनेक्शन जारी करने की तैयारी है।
इसके साथ ही चिह्नित इलाकों के सभी मल्टी स्टोरी आवासीय बिल्डिंग एवं सोसायटी भवनों को पीएनजी सप्लाई से जोड़ा जाएगा।
अभी इन इलाकों को मिल रही पीएनजी
फिलहाल राजधानी में आशियाना के सेक्टर के, के-1 में और एलडीए के सेक्टर जी के साथ ही गोमतीनगर के विपुल खंड, एमबी क्लब में ही पीएनजी की आपूर्ति की जा रही है।
कनेक्शन लेना आसान
पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए ग्रीन गैस लिमिटेड के यहां आवेदन करना होता है। कंपनी ने कनेक्शन बुकिंग के लिए टोल फ्री नंबर 6009000 भी जारी कर रखा है।
इस नंबर पर अपना नाम, पता नोट कराया जा सकता है। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी संबंधित से फॉर्म भरवाने के साथ कनेक्शन जारी किए जाने से जुड़ी अन्य कागजी कार्रवाइयां पूरी कराते हैं।
आवेदन के साथ पांच हजार रुपये सिक्योरिटी मनी जमा करानी होती है। कनेक्शन कटवाने पर इसे वापस कर दिया जाता है।
इसके साथ ही एक हजार रुपया पेमेंट सिक्योरिटी और तीन सौ रुपया आवेदन फॉर्म शुल्क के जमा कराने होते हैं। कनेक्शन पाने के आवेदनपत्र में एक फोटो के साथ आवेदक का आईडी और एड्रेस प्रूफ लगाना होता है।
जितना खर्च, उतना बिल
पीएनजी कनेक्शन के साथ एक मीटर लगाया जाता है। गैस का मासिक भुगतान इस मीटर में दर्ज होने वाली रीडिंग के आधार पर ही करना होता है।
फिलहाल पीएनजी दर 18.50 रुपये प्रति क्यूबिक मीटर है। कंपनी से जुड़े अधिकारी बताते हैं कि चार से पांच सदस्यीय एक परिवार में पीएनजी गैस का औसत मासिक खर्च 350 से 400 रुपया के बीच ही आता है।
इतने लोगों के परिवार पर कम से कम एक एलपीजी सिलेंडर महीने में खर्च हो ही जाता है। सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर जो कि अभी 432.50 रुपये है, से भी यह विकल्प सस्ता है।