फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

2027 की बिछी बिसात: सरकारी भर्ती के शोर के बीच स्वरोजगार का दांव चल गए मोदी, पीएम के भाषण के पांच बड़े मायने

Sun, 22 Nov 2026 07:43 AM IST
Bhupendra Singh सुधीर कुमार सिंह, अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

लखनऊ के कौशल दीक्षांत समारोह से पीएम मोदी ने कौशल, तकनीक और रोजगार को केंद्र में रखकर यूपी विधानसभा चुनाव 2027 का चुनावी एजेंडा साफ कर दिया है। विपक्ष के बेरोजगारी वाले नैरेटिव का जवाब देते हुए भाजपा युवाओं की उम्मीदों और योगी मॉडल को साथ साधने की रणनीति पर काम कर रही है।
विज्ञापन
पीएम नरेंद्र मोदी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछने लगी है। पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह के लिए शनिवार को लखनऊ पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने मंच से युवा मतदाताओं को साधने के साथ भाजपा का चुनावी एजेंडा भी साफ कर दिया। कौशल, तकनीक, रोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर देकर उन्होंने युवाओं के भविष्य को विकास के नैरेटिव से जोड़ने की कोशिश की। संदेश साफ था कि चुनाव में जातीय समीकरणों के साथ रोजगार, आर्थिक अवसर व युवा आकांक्षाओं को विमर्श के केंद्र में रखा जाएगा।
विज्ञापन


राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मोदी ने कौशल विकास को प्रशिक्षण और प्रमाणपत्र तक सीमित न रखते हुए बदलती अर्थव्यवस्था की जरूरतों से जोड़ा। इसके जरिये युवाओं को तकनीकी दक्षता हासिल कर रोजगार के नए अवसरों से जुड़ने का संदेश दिया। भाजपा के लिए यह इसलिए भी अहम है, क्योंकि प्रदेश की बड़ी युवा आबादी चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखती है।

रोजगार, सरकारी भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य की अनिश्चितता जैसे मुद्दे विपक्ष लगातार उठाता रहा है। ऐसे में मोदी का कौशल और तकनीकी दक्षता पर जोर बेरोजगारी के सवाल पर विपक्ष की घेराबंदी का जवाब देने की रणनीति के तौर पर देखा जा सकता है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं के बीच कौशल विकास को नौकरी पाने के विकल्प के साथ स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर के रूप में भी स्थापित किया जाए। इसके जरिये रोजगार की बहस को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित रखने के बजाय नए अवसरों और बदलती अर्थव्यवस्था की ओर मोड़ने की कोशिश है।

योगी सरकार के विकास मॉडल को राष्ट्रीय समर्थन

लखनऊ के मंच से मोदी ने प्रदेश में विकास और युवा सशक्तीकरण के एजेंडे को केंद्र सरकार के नेतृत्व व योजनाओं से जोड़ने का अवसर भी दिया। भाजपा यूपी को निवेश, उद्योग, तकनीक और रोजगार के नए अवसरों वाले प्रदेश के रूप में पेश करना चाहती है। ऐसे में प्रधानमंत्री का संदेश योगी सरकार के विकास मॉडल को राष्ट्रीय नेतृत्व के भरोसे और समर्थन से जोड़ने की कोशिश भी है। इससे चुनाव में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की संयुक्त ब्रांडिंग को मजबूती मिल सकती है।

युवाओं के सपनों को वोट में बदलने की चुनौती

भाजपा समझती है कि युवा केवल नारों से नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं और ठोस अवसरों से जुड़ता है। इसलिए कौशल दीक्षांत समारोह का संदेश प्रमाणपत्र वितरण से आगे राजनीतिक मायने रखता है। मोदी ने युवाओं की आकांक्षाओं को विकास के विमर्श से जोड़ने की जमीन तैयार की है। हालांकि, इस संदेश की असली परीक्षा रोजगार, भर्ती और स्वरोजगार के मोर्चे पर मिले परिणामों से होगी। 2027 के चुनाव में युवा उम्मीदों को वास्तविक अवसरों और भरोसे में बदल पाना ही भाजपा के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें