राजधानी लखनऊ में बसंतकुंज योजना में नवनिर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण में दो हजार से अधिक बसों और कारों के आने का अनुमान है। इनके लिए पार्किंग की व्यवस्था करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती के रूप में सामने आया है। पार्किंग के लिए अनुमानित 1.30 लाख वर्गमीटर जगह चाहिए। अब एलडीए के साथ नगर निगम के अफसर नए पार्किंग स्थल तैयार करने में जुटे हैं।
65 एकड़ में बने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। लखनऊ व आसपास के जिलों से आने वाले करीब डेढ़ लाख लोग लोकार्पण के साक्षी बनेंगे। लोगों के आने-जाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया है। आयोजन स्थल पर पार्किंग तो है, मगर वहां दो हजार बसें और कारें खड़ी हो सकें, इतनी जगह नहीं। ऐसे में प्रेरणा स्थल तक पहुंचने वाले सभी संपर्क मागों के किनारे वैकल्पिक पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल
- फोटो : शुभम बंसल/अमर उजाला
पार्किंग के चयन में ये हैं चुनौतियां
- 2000 बस और कारों को सिर्फ खड़ा कराना चुनौती नहीं, बल्कि उनके आवागमन के लिए पर्याप्त चौड़ा रास्ता हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।
- पार्किंग चयन में इसका भी ध्यान रखा जा रहा है कि वहां दो-तीन बसें एक साथ मोड़ी जा सकें जिससे सभी बसें व्यवस्थित खड़ी कराई जा सकें।
- एक जानकार ने बताया कि एक बस खड़ी करने के लिए औसत 65 वर्ग मीटर जगह चाहिए होती है, ऐसे में कुल 1.30 लाख वर्ग मीटर जगह चाहिए।
- पार्किंग तक पहुंचने के जो रास्ते कच्चे या खाली खेत हैं, वहां जमीन दलदली न हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल
- फोटो : शुभम बंसल/अमर उजाला
जोनल अफसरों की दो गई जोनवार जिम्मेदारी
नगर निगम के सभी आठ जोनल अफसरों को बस पार्किंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें जोन एक के जोनल अफसर को 24 बसों, जोन दो को 22, जोन तीन को 38, जोन चार को 20, जोन पांच को 18, जोन छह को 44, जोन सात को 28 और जोन आठ को 26 बसों की जिम्मेदारी दी गई है। शेष बसों के लिए दूसरे विभाग के अफसरों की ड्यूटी रहेगी।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल
- फोटो : शुभम बंसल/अमर उजाला
एयरपोर्ट से प्रेरणा स्थल तक अपर नगर आयुक्तों की तैनाती
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने पूरे रूट को पांच सेक्टरों में बांटकर सभी अपर नगर आयुक्त की ड्यूटी एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक लगाई है। इनमें अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता, डॉ. अरविंद राव, नम्रता सिंह, ललित कुमार और पंकज श्रीवास्तव शामिल हैं।