कटरा (श्रावस्ती)। जगतजीत इंटर काॅलेज इकौना में सोमवार को युवा कल्याण व प्रांतीय रक्षक दल की ओर से ब्लाॅक स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी इकौना रवि कुमार ने की। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य घनश्याम ने किया।
इस दौरान प्रधानाचार्य ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है। इसमें एक की जीत तो दूसरे की हार होती है। सभी को सीखना चाहिए कि किस कारण से हार हुई और उससे सीख लेकर और मनोभाव से खेलना चाहिए। प्रतियोगिता में 20 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग की 1,500 मीटर दौड़ में बैदौरा मशरिख के प्रवेश कुमार प्रथम, मझौवा के पीयूष त्रिपाठी द्वितीय, बैदौरा मशरिख के मोनू कुमार तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में इकौना देहात की आंचल तिवारी प्रथम, भलुहिया दसौंधी की डिंपल शर्मा द्वितीय, रामपुर बनकट की वर्षा तृतीय स्थान पर रहीं।
1,500 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में इकौना देहात की साइना प्रथम, कैलाशपुर की नेहा मौर्य द्वितीय, अकबरपुर की खुशी सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। वही 800 मीटर बालिका वर्ग में नेहा चौधरी प्रथम, प्रतिभा यादव द्वितीय व सुधा मौर्य तृतीय स्थान पर रहीं। 16 वर्ष आयु वर्ग के बालक वर्ग में बैदौरा मशरिख के किशन लाल प्रथम, पतेहड़ा के कमल नयन द्वितीय, बैदौरा के संदीप कुमार तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रामपुर की रितिका पासवान प्रथम, रघुवीरपुरवा की शिवानी देवी द्वितीय व सलवरिया की रीता यादव तृतीय स्थान पर रहीं।
19 वर्ष आयु वर्ग कबड्डी में राजकुमार की टीम प्रथम व मोहम्मद यूसुफ की टीम द्वितीय स्थान पर रही। इस दौरान प्रवक्ता राम बिहारी वाजपेयी, अवधेश कुमार चौधरी, उदयभान पांडे सहित अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।