पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के कविता कहने का अंदाज, भाषण देने की शैली और उनकी जीवनी के अनकहे किस्से। यही नहीं राजनीतिक दौर में उनसे जुड़े तमाम किस्से आने वाले दिनों में लखनऊ में मंच पर उतरेंगे। शहर के युवा रंगकर्मी, लखनऊ के पूर्व सांसद और तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटलजी की यादों को सहेजते हुए नाटक अटल पथ का मंचन करेंगे। मंचन का निर्देशन नगर युवा रंगकर्मी मुकेश वर्मा करेंगे। मंचन अटल जी के जन्मदिवस 25 दिसंबर से पहले लोकभवन में हो सकता है। इस नाटक का बैनर जारी कर दिया गया है।
रंगकर्मी मुकेश वर्मा ने बताया कि अटल जी की कविताएं आम जनमानस को आपस में जोड़ती हैं, जीवन से लड़ने का जज्बा देती हैं। इसलिए उस महान राजनीतिज्ञ और कवि को मंचन के माध्यम से नमन किया जाएगा। मंचन करीब दो घंटे का रहेगा, जिसमें उनकी कविताएं, उनके राजनीतिक जीवन किस्से और उनके कई अनछुए पहलू रहेंगे।
मुकेश ने बताया कि मंचन में अटल जी के किरदार के लिए कलाकार की तलाश की जा रही है। कोशिश रहेगी कि मंचन लोकभवन में कराया जाए। इसके लिए सरकार से भी बात की जाएगी। मालूम हो कि इससे पहले कई चर्चित मंचनों सत्याग्रह, यशोदाबेन, रैगिंग, कस्तूरबा, भगत, चुप्पी तोड़ खुलकर बोल ,मथुरा जैसे चर्चित नाटक कर चुके मुकेश के एक विवादित नाटक 'माई सैंडिल' पर सरकार की आपत्ति पर चुनाव आयोग ने रोक भी लगा दी थी।