रायबरेली। जिला अस्पताल को ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट को संचालित कराने के लिए ड्रग लाइसेंसिंग अथॉरिटी (डीएलए) से लाइसेंस मिल गया है। शुक्रवार को डीएम हर्षिता माथुर अधिकारियों की मौजूदगी में यूनिट का शुभारंभ करेंगी। इस यूनिट के शुरू होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को प्लेटलेट्स सहित ब्लड के अन्य कंपोनेंट आसानी से मिल सकेंगे। अब तक निजी ब्लड बैंकों से मरीजों को प्लेटलेट्स खरीदनी पड़ती थी।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेंद्र मौर्या ने बताया कि यूनिट को पहले ही स्थापित करा दिया गया था। अब तक लाइसेंस का इंतजार किया जा रहा था। ब्लड बैंक में 350 यूनिट ब्लड रखने की क्षमता है। ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर यूनिट स्थापित होने के बाद अब मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराएंगे। उन्होंने बताया कि यूनिट के लिए लाइसेंस मिल गया है। शुक्रवार को डीएम हर्षिता माथुर यूनिट का शुभारंभ करेंगी। मरीजों को जरूरत के हिसाब से प्लेटलेट्स, प्लाज्मा आदि मिलना शुरू हो जाएगा।