नीरज ''अम्बुज''
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों को महंगाई का झटका लग सकता है। एयरपोर्ट पर यूजर डेवलपमेंट फीस (यूडीएफ) में 150 रुपये तक की बढ़ोतरी की तैयारी है। इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट महंगे हो सकते हैं। फिलहाल घरेलू यात्रियों से 950 रुपये और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से 1,480 रुपये प्रति यात्री यूडीएफ वसूला जा रहा है।
यूडीएफ एयरपोर्ट संचालक की ओर से यात्रियों से लिया जाने वाला शुल्क है। इसका इस्तेमाल नए टर्मिनल के निर्माण, रनवे के विकास, एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाता है। यह शुल्क हवाई टिकट में शामिल होता है। इसकी दरें एयरपोर्ट्स इकोनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ऐरा) तय करती है।
सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा दरों की मियाद जुलाई में पूरी हो चुकी है। ऐसे में नई दरें कभी भी जारी की जा सकती हैं। प्रस्ताव के अनुसार, 2026 में घरेलू उड़ानों के लिए यूडीएफ 1,025 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 2,756 रुपये होना चाहिए। हालांकि, ऐरा इस संबंध में विचार-विमर्श के बाद ही अंतिम फैसला लेगी। एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस के अधिकारी फिलहाल संभावित बढ़ोतरी पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
तीन साल पहले बढ़ी थीं दरें
लखनऊ एयरपोर्ट पर वर्ष 2023 में यूडीएफ 750 रुपये (घरेलू) और 1,350 रुपये (अंतरराष्ट्रीय) था। 2024 में इसे बढ़ाकर क्रमशः 850 और 1,400 रुपये किया गया, जबकि 2025 में घरेलू उड़ानों के लिए 950 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए 1,480 रुपये निर्धारित किए गए। अब नई दरें लागू होने पर यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट।