कहीं नहीं दिख रही पुलिसिंग, नकली पुलिस वालों ने लूट का डर दिखा एक और महिला के गहने उतरवाए
शहर में ताबड़तोड़ वारदात अंजाम दे रहे टप्पेबाजों ने रविवार सुबह चौक इलाके में एक महिला के सोने के गहने लूट लिए। खुद को पुलिसकर्मी बताकर उसे लूट का डर दिखाते हुए गहने उतरवाए थे।
पुलिस के मुताबिक, यहियागंज के मौलवी अंबार बाग निवासी शम्स नाज जहां रोजाना की तरह रविवार सुबह घर से रकाबगंज ढाल की तरफ टहलने गई थीं।
घर से कुछ दूरी पर महादेव मंदिर के पास बाइक सवार दो व्यक्तियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें रोका। बताया कि शहर में लूट हो रही हैं। चौक में गहने पहन कर निकली एक महिला की हत्या हो गई और आप सोने की अंगूठियां व बुंदे पहनकर टहल रही हो।
शम्स नाज को अर्दब में लेकर सोने की तीन अंगूठी व बुंदे उतरवा कर कागज पर रखे और पुड़िया बनाकर थमाते हुए कहा कि घर जाकर ही खोलना। बुरी तरह सहमी शम्स नाज जहां आननफानन में घर पहुंची। पुड़िया खोली तो उसमें कंकड़ व रेत थी।
शोर मचाकर आसपास के लोगों के साथ मौके पर पहुंचीं। इस बीच दोनों बदमाश चंपत हो चुके थे। शम्स नाज जहां ने चौक कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि पति मो. शाहिद सऊदी में एक कंपनी में काम करते हैं।
मधुमेह के चलते डॉक्टरों की सलाह पर वह रोजाना सुबह टहलने निकलती हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
मालूम हो कि नकली पुलिस वालों ने पिछले रविवार की सुबह नाका इलाके में जौनपुर के प्रधान व उनके भतीजे से 84 हजार रुपये, गोमतीनगर में डॉक्टर से नकदी व गहने और पीजीआई क्षेत्र में बुजुर्ग से सवा लाख रुपये कीमत की हीरे की दो अंगूठी लूटी थीं।
ताबड़तोड़ वारदातों से फजीहत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने मॉर्निंग पुलिसिंग में मुस्तैदी के आदेश दिए थे। टप्पेबाजों की पुलिस हवा तक नहीं पा सकी है।