शहर कोतवाली के मालखाने से सरकारी पिस्टल गायब होने से महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को एसपी ने गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज करने के आदेश दिए। देर रात पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआई आर दर्ज कर ली है। हालांकि पुलिस का कहना है कि कोतवाली के ही दीवान बिना बताए पिस्टल लेकर चले गए थे। मामले की जांच की जा रही है। बात सही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों की मानें तो शहर कोतवाली के मालखाने से 9एमएम का सरकारी पिस्टल गायब हो गई। इसका खुलासा सोमवार को कोतवाल अंबर सिंह को शस्त्रों की गिनती के दौरान हुआ। मामले से एसपी एलआर कुमार को अवगत कराया गया। कप्तान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। शहर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
हालांकि उनका कहना है कि कोतवाली के दीवान रामजी शुक्ला बिना बताए पिस्टल लेकर लखनऊ चले गए थे। यहां पर लखनऊ में मड़ियांव क्षेत्र में उनसे किसी का विवाद हो गया। विवाद के बाद मड़ियांव थाने की पहुंची पुलिस ने पिस्टल को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।