50 लाख की पिंक एक्सप्रेस बसें, आएदिन खराब
- निर्भया फंड से खरीदी गईं महिला स्पेशल एसी बसों की हकीकत
केस-एक
31 दिन खड़ी रही बस, 7.50 लाख का घाटा
चारबाग डिपो की पिंक एक्सप्रेस बस (यूपी 78 एफएन 7513) 28 अप्रैल को रेडिएटर और ब्रेक में आई खराबी के कारण खड़ी हो गई। यह बस 31 दिन के बाद 27 मई को सही होकर दोबारा डिपो पहुंची। इसका संचालन न होने के कारण परिवहन निगम को 7.50 लाख रुपये की आय का घाटा हुआ। एक जून को फिर से इसी बस का एसी कार्य न करने के कारण दो दिन संचालन नहीं हो पाया।
-----
केस-दो
40 दिन में पांच बार आई रूट पर खराबी
अवध डिपो की पिंक एक्सप्रेस बस (यूपी 78 एफएन 7512) में 40 दिन में पांच बार रूट पर खराबी आई। सबसे पहले 9 अप्रैल को क्लच पैडिल ने काम करना बंद किया, 18 अप्रैल को एसी खराब होने पर महिलाओं ने हंगामा किया। इसके बाद 16,17 एवं 18 मई को बस ने यात्रियों का लोड लेना बंद कर दिया। जिसको प्रयागराज, रायबरेली एवं बंथरा में मेंटेनेंस हुआ। जिससे रोजाना औसतन 26 हजार की आय बाधित हुई।
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की कार्यशाला में बनी महिला स्पेशल पिंक एक्सप्रेस एसी बस ने यात्रियों की खूब वाहवाही लूटी। लेकिन जबसे टाटा मोटर्स से पिंक एक्सप्रेस बसें खरीदी गई हैं तब से वे रोडवेज की किरकिरी करा रही हैं। 50 लाख रुपये की कीमत की पिंक एक्सप्रेस बस अक्सर खराब हो रही हैं। परिवहन निगम के अफसराें की लापरवाही के लिए ये उदाहरण काफी हैं। केंद्र सरकार ने महिलाआें को सुरक्षित एवं सुगम सफर कराने के लिए 50 पिंक एक्सप्रेस बसों को खरीदने के लिए रकम मुहैया कराई थी। 50 में से 17 पिंक एक्सप्रेस अवध व चारबाग डिपो से संचालित की जा रही हैं। निगम की तकनीकी इकाई ने पिंक एक्सप्रेस बस के बनने के दौरान बेहतर ढंग से मौका मुआयना नहीं किया, जिसका खामियाजा यात्री, चालक और परिचालक भुगत रहे हैं।
-------
एआरएम ने घटना को नकारा
अवध डिपो की यूपी 78 एफएन 7524 नंबर की बस के आगरा रूट पर संचालन के दौरान 16 जून को पिछले दोनों पहिए जाम हो गए थे। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। आगरा में ही कंपनी ने दोनों पहिए सही कराए। इस बाबत जब एआरएम आमरीन अख्तर से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने ऐसी किसी घटना से ही इन्कार कर दिया।
--------
ये खामियां
- चलते-चलते करंट छोड़ना
- गियर बक्से में तकनीकी खामी
- दरवाजे और एसी में खराबी
- क्लच पैडिल काम न करना
- यात्रियों का लोक न लेना
- प्रेशर लीक होने पर गेट न खुलना
- पैनिक बटन का काम न करना
- एमआईएल लाइट जलती रहती
- अचानक पहिए जाम होना
---------
फैक्ट फाइल
- 06 मार्च को हुआ था पिंक एक्सप्रेस का शुभारंभ
- 50 लाख की बस की दो साल की गारंटी
- 17 बसों का हो रहा है संचालन
-----
वर्जन
टाटा मोटर्स से शिकायत
निर्भया फंड से खरीदी गई महिला स्पेशल पिंक एक्सप्रेस एसी बसों के संचालन में आएदिन तकनीकी खामी आ रही है। इससे परिवहन निगम को लाखों रुपये का घाटा हो चुका है। इस सिलसिले में टाटा मोटर्स को पत्र लिखकर इसे दुरुस्त करने को कहा गया है।
- पीके बोस, क्षेत्रीय प्रबंधक- लखनऊ परिक्षेत्र यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम