संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। बरेली से इकौना टमाटर लेकर आ रहा एक पिकअप रविवार बरदेहरा गांव के पास अनियंत्रित हो पलट गया। इसमें चालक को गंभीर चोट आई। उसे निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया।
पीलीभीत जिले के सुंघरी थाना क्षेत्र के नगोमा पकड़िया गांव निवासी चालक सतपाल (35) पुत्र बेचेलाल पिकअप चालक है। वह रविवार को बरेली जिले के नवाबगंज मंडी से टमाटर लादकर इकौना सब्जी मंडी जा रहा था। जैसे ही वह पिकअप लेकर सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम बरदेहरा के पास मोड़ पर पहुंचा, तभी मोड़ पर वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इससे पिकअप पलट गया। घटना में चालक सतपाल घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया। वहीं पिकअप पर लदा टमाटर सड़क पर बिखर गया। आसपास के ग्रामीणों ने इकट्ठा किया। इलाज के बाद चालक टमाटर को दूसरे वाहन से इकौना मंडी ले गया है।
मार्ग दुर्घटना में दो घायल
श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के अंटा तिराहे पर शनिवार की देर रात हुए मार्ग दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायलों को निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने परिजनों को मेडिकल कॉलेज बहराइच ले जाने की सलाह दी।
भिनगा कोतवाली अंतर्गत नगर के मोहल्ला दर्जी निवासी शिवा रावत (18) पुत्र प्रहलाद व चंदन (19) पुत्र कन्हैया बाइक से शनिवार को सिरसिया थाना क्षेत्र के किसी गांव में निमंत्रण में गए थे। वहां से वापस लौटते समय रात करीब 12 बजे भिनगा जंगल स्थित अंटा तिराहे पर जंगली जानवर से टकरा जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल किसी तरह भिनगा पहुंचे, जिन्हें परिवारीजनों ने निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया। वहां हालत में सुधार न होते देख चिकित्सक ने शिवा को बहराइच मेडिकल कालेज ले जाने की सलाह दिया है। जबकि चंदन को लखनऊ ले जाया गया है। (संवाद)