प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा संस्थान केजीएमयू से पीएचडी करने की सोच रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। केजीएमयू में पीएचडी की सीट के लिए सभी विभागों से जानकारी मांगी गई है।
केजीएमयू की डीन प्रो. अमिता जैन की ओर से जारी आदेश में विभाग के कुल पीएचडी विद्यार्थियों के साथ ही शिक्षकों के अधीन शोध कर रहे शोधार्थियों का ब्योरा भी मांगा गया है। इसके साथ ही विभाग में चल रहे प्रोजेक्ट की जानकारी भी देने को कहा गया है। संस्थान में इस साल से नए ऑर्डिनेंस के अनुसार दाखिले होने हैं। इसमें प्रोफेसर के अधीन एक समय में अधिकतम आठ, एसोसिएट प्रोफेसर के अधीन छह और असिस्टेंट प्रोफेसर के अधीन अधिकतम चार शोधार्थी शोध कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रवेश परीक्षा और उसमें न्यूनतम 50 फीसदी अंक लाने की अनिवार्यता भी है। फिलहाल सीट का ब्योरा मांगा गया है। जल्द ही दाखिले के लिए आवेदन भी मांगे जाएंगे। केजीएमयू से मेडिकल के साथ ही विज्ञान की कई अन्य शाखाओं में भी शोध किया जा सकता है।