लखनऊ। हरदोई के माधवगंज निवासी फार्मासिस्ट सूरज कुमार गौतम की सोमवार शाम को संदिग्ध हालात में माैत हो गई। वह ठाकुरगंज के भूवर के पास स्थित निजी अस्पताल में फार्मासिस्ट थे। परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है। पुलिस के मुताबिक, अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
सूरज के भाई करन कुमार के मुताबिक, रविवार रात नौ बजे उनके पिता बलराम ने सूरज से फोन पर बात की थी। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को सूरज की तबीयत खराब होने की सूचना दी। बताया गया कि सूरज को ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। परिजन ट्राॅमा सेंटर पहुंचे तो सूरज की हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान शाम को उनकी मौत हो गई।
करन का आरोप है कि सूरज की तबीयत रविवार रात ही खराब थी तो परिजनों को अगले दिन सूचना क्यों दी गई और उन्हें रात में अस्पताल में भर्ती क्यों नहीं कराया गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि रविवार रात सूरज की पल्स रेट अचानक कम हो गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।