लखनऊ। पीजीआई के डॉक्टरों ने आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में पहली बार सफल गुर्दा प्रत्यारोपण शुरू कराया है। गुर्दे की गंभीर बीमारी से पीड़ित युवक की पत्नी ने गुर्दा देकर नई जिंदगी दी है। दोनों अस्पतालों के डॉक्टरों की टीम ने शनिवार को गुर्दा प्रत्यारोपण किया है। प्रत्यारोपण बाद सेहत में सुधार है। युवक के गुर्दे ने काम करना शुरू कर दिया है। प्रत्यारोपण का सारा खर्च सरकारी योजना के वहन हुआ है। मरीज काफी समय से डायलिसिस पर था।
पीजीआई के नेफ्रोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नारायण प्रसाद ने बताया प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से गुर्दा प्रत्यारोपण शुरू कराया जा है। आगरा मेडिकल कॉलेज में सफल गुर्दा प्रत्यारोपण के बाद अब अगले चरण में कानपुर मेडिकल कॉलेज में एक माह के अंदर गुर्दा प्रत्यारोपण शुरू होगा।
इनके निर्देशन में हुआ प्रत्यारोपण
पीजीआई यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. एमएस अंसारी, डॉ. संजय सुरेखा व डॉ. आशीष रंजन, नेफ्रोलॉजी विभाग के मानस रंजन बेहरा व एनेस्थीसिया विभाग के डॉ.तपस कुमार सिंह व डॉ.बोनचनपल्ली मोहन कुमार ने आगरा के एसएनएमसी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता और नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व जैन के नेतृत्व में युवक का गुर्दा प्रत्यारोपण किया।