लखनऊ विश्वविद्यालय की परास्नातक प्रवेश परीक्षा राजधानी के दो केंद्रों पर होगी। चारबाग स्थित गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज तथा शक्तिनगर स्थित रजत गर्ल्स डिग्री कॉलेज में होने वाली प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी। विवि ने इनके प्रवेशपत्र अपलोड कर दिए हैं।
विज्ञापन
अभ्यर्थी विवि की वेबसाइट lkouniv.ac.in पर जाकर अपने प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आठ मई से परीक्षा की शुरुआत होगी। मास्टर ऑफ विजुअल आर्ट्स की प्रवेश परीक्षा 10 मई को और साक्षात्कार 11 और 13 मई को होने हैं।
प्रवेश समन्वयक प्रो. अनिल मिश्रा ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्र मेट्रो स्टेशन केनजदीक ही बनाए गए हैं। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से चार बजे के बीच होनी है।
विज्ञापन
प्रवेश परीक्षा के लिए कुल मिलाकर 10 हजार 212 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रवेश परीक्षा के बाद अभ्यर्थी को आरक्षण या फिर भारांक के लिए उसी केंद्र पर प्रमाणपत्र भी सत्यापित कराने होंगे।
लविवि ने अभ्यर्थियों की मांग पर प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब एलएलएम की प्रवेश परीक्षा 31 मई को होगी। पहले एलएलबी और एलएलबी ऑनर्स की परीक्षा के दिन ही इसका कार्यक्रम रख दिया गया था। अभ्यर्थियों की मांग पर इसमें बदलाव कर दिया गया है। बदला हुआ कार्यक्रम विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।