मुख्यंमत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, डीजीपी ओपी सिंह और प्रमुख सचिव ऊर्जा अरविंद कुमार के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। कार्य बहिष्कार को लेकर नाराजगी जताते हुए उपद्रवियों पर रासुका तक की कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान सरकारी संपत्ति और राजस्व को नुकसान न होने की सख्त हिदायत दी। यह भी कहा कि हड़ताल व प्रदर्शन से आम जनता को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
एपी मिश्रा के सिंडिकेट पर कड़ाई करें
मुख्यमंत्री ने कॉर्पोरेशन के पूर्व एमडी एपी मिश्रा के सिंडिकेट पर कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि मिश्रा से जुड़े लोगों के साथ कड़ाई बरती जाए। उन्होंने कार्य बहिष्कार के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
20 को आर-पार की लड़ाई का एलान करेंगे आंदोलनकर्मी
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने बताया कि 19 नवंबर को कार्य बहिष्कार खत्म होने के बाद 20 नवंबर को समिति पदाधिकारियों एवं अन्य संगठनों की एक बैठक बुलाई गई है। इसमें आर-पार की लड़ाई का एलान किया जाएगा।